बालोद (डौंडीलोहारा) – विकासखंड डौंडीलोहारा के सुदूर वनांचल ग्राम दुर्गीटोला की होनहार बेटी यामिनी उइके पिता श्री रमेश कुमार उइके, माता श्रीमती अनिता बाई उइके कक्षा 12वीं कॉमर्स संकाय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरजपुरी की छात्रा, ने अपनी लगन और मेहनत से शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट पहचान बनाई है।
दिनांक 01/08/2025 को सेजस हिन्दी माध्यम स्कूल मर्रा पाटन जिला दुर्ग में आयोजित संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर यामिनी ने 25वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता महासमुंद 06 से 09 अक्टूबर 2025 के लिए चयन सुनिश्चित किया। यह गौरव न केवल विद्यालय और ग्राम का बल्कि पूरे बालोद जिले का है। गत वर्ष भी यामिनी का चयन संभागीय स्तर पर राजनांदगांव के लिए हुआ था। निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास ने इस बार उसे राज्यस्तर तक पहुंचाया है।
विद्यालय के प्राचार्य नंदलाल पिंकेश्वर ने छात्रा की सफलता पर शाला परिवार की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा यह प्रमाण है कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। अनुशासन, लगन और परिश्रम से विद्यार्थी जीवन में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकते हैं।
शाला विकास समिति के अध्यक्ष श्री विजय पटेल ने इस सफलता का श्रेय व्यायाम शिक्षक श्री दिलीप कुमार रावत एवं समस्त शिक्षकों को देते हुए कहा कि विद्यालय के बच्चों का खेलों के प्रति बढ़ता रुझान शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षकों की समर्पण भावना को दर्शाता है। ग्राम पंचायत अरजपुरी की सरपंच श्रीमती संतोषी ठाकुर ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा बेटियाँ शिक्षा और खेल दोनों में आगे बढ़कर समाज को नई दिशा दे रही हैं। हर अभिभावक को चाहिए कि अपनी बेटियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी आगे बढ़ने का अवसर दें।”
समाजसेवी पंकज जैन ने कहा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अरजपुरी के बच्चों का लगातार राज्यस्तर तक चयन होना इस बात का प्रमाण है कि शिक्षा और खेल का संतुलित वातावरण बच्चों को निखार रहा है। आज बच्चे हॉकी कबड्डी और एथलेटिक्स में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि हमारा सपना है कि हमारे क्षेत्र के बच्चे केवल राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएँ। शिक्षा ही वह आधार है जो बच्चों को आत्मविश्वास अवसर और पहचान प्रदान करती है।

