राजनांदगांव | पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार की प्रसाद योजना के अंतर्गत माँ बम्लेश्वरी देवी मंदिर, डोंगरगढ़ के समग्र विकास की महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग पूर्ण हो चुकी है। इस परियोजना के लिए पर्यटन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को 48 करोड़ 43 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। परियोजना के अंतर्गत माँ बम्लेश्वरी पहाड़ी पर सीढ़ियों का जीर्णोद्धार, शेड व रेलिंग निर्माण, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा पहाड़ी के नीचे स्थित तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया है। इसके साथ ही शॉप्स, पार्किंग और संपूर्ण क्षेत्र में आधुनिक साइनेज की व्यवस्था की गई है। प्रज्ञागिरि परिसर में ध्यान केंद्र, कैफेटेरिया, पार्किंग, सीढ़ियों का जीर्णोद्धार, सोलर लाइटिंग और पेयजल सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 9.5 एकड़ क्षेत्र में श्रीयंत्र के आकार का भव्य पर्यटन सुविधा केंद्र निर्मित किया गया है। इस सुविधा केंद्र में ध्यान केंद्र, विश्राम कक्ष, प्रसाद कक्ष, सांस्कृतिक मंच, क्लॉक रूम, सत्संग कक्ष, पेयजल, शौचालय, लैंडस्केपिंग, सोलर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग एवं आकर्षक प्रवेश द्वार जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। परियोजना का अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, केवल कुछ फिनिशिंग कार्य शेष हैं। परियोजना की सतत निगरानी हेतु निगरानी समिति एवं दिशा समिति का गठन किया गया है, जो समय-समय पर कार्यों की समीक्षा कर रही है। नियमानुसार श्रमिकों को भुगतान किया जा रहा है। निर्माण कार्य छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की अनुबंधित एजेंसी टीसीआईएल द्वारा कराया गया है, जो भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय से संबद्ध एजेंसी है।इस विकास परियोजना से माँ बम्लेश्वरी धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और डोंगरगढ़ धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
Loading...




