खैरागढ़ - छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा 29 से 31 जनवरी 2026 तक शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, सेजबहार, रायपुर में राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है. इस मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों के लगभग 15 हजार पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे. रोजगार मेले के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के कुल 574 पंजीकृत अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 30 जनवरी (शुक्रवार) को निर्धारित किया गया है. चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की निर्धारित तिथि को तय स्थल पर उपस्थिति अनिवार्य होगी. रोजगार मेले में भाग लेने हेतु erojgar.cg.gov.in पोर्टल पर रोजगार पंजीयन एवं रोजगार मेला पंजीयन दोनों आवश्यक हैं. जिन आवेदकों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे शीघ्र पंजीयन कर शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अनुभव प्रमाण-पत्र के साथ उपस्थित हो सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, राजनांदगांव से संपर्क कर सकते हैं.