गंडई/पंडरिया | केसीजी जिले के जिला शिक्षा अधिकारी लालजी द्विवेदी ने शुक्रवार को जिले के अंतिम छोर में स्थित ग्राम दुल्लापुर, सेतवा, खौड़ा, ढाबा एवं लिमो की शासकीय शालाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शालाओं में शैक्षणिक गतिविधियों, शिक्षकों की उपस्थिति एवं विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर का बारीकी से अवलोकन किया. जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा शासकीय प्राथमिक शाला दुल्लापुर, शासकीय प्राथमिक शाला सेतवा, शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला खौड़ा, शासकीय प्राथमिक शाला ढाबा तथा शासकीय हाई स्कूल लिमो का निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के समय ग्राम खौड़ा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए. ग्राम सेतवा की शासकीय प्राथमिक शाला में कक्षा तीसरी के विद्यार्थियों से पहाड़ा पूछे जाने पर बच्चों ने सही उत्तर दिए, जिससे शैक्षणिक स्तर संतोषजनक पाया गया। वहीं ग्राम दुल्लापुर की शासकीय प्राथमिक शाला में भी अध्ययन-अध्यापन की स्थिति सामान्य एवं संतोषप्रद रही. ग्राम ढाबा की शासकीय प्राथमिक शाला में निरीक्षण के समय निर्धारित समय पर केवल एक शिक्षक उपस्थित पाए गए. शेष दो शिक्षक एसआईआर की सुनवाई के लिए छुईखदान गए हुए थे. निरीक्षण के दौरान ढाबा एवं लिमो संकुल के संकुल समन्वयक श्री मुकेश कश्यप एवं योगेंद्र सिंह कश्यप उपस्थित रहे. साथ ही ग्राम सेतवा की शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक तोक राम सिन्हा एवं शिक्षक कमल प्रसाद राय, ग्राम दुल्लापुर की शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक योगेंद्र कोसरिया एवं शिक्षक खेमलाल जंघेल, ग्राम ढाबा की शासकीय प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक मनोहर लाल मोटवानी तथा सहायक शिक्षक हेमराय भारती एवं प्रदीप कुमार चौधरी अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित पाए गए. जिला शिक्षा अधिकारी ने शासकीय प्राथमिक शाला सेतवा में किए गए रंग-रोगन, शैक्षणिक चित्रकारी एवं किचन गार्डन को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की और इसे सराहनीय प्रयास बताया. उन्होंने सभी शालाओं में शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षकों द्वारा समयपालन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए.
Loading...




