खैरागढ़। खैरागढ़ जिले के पैलीमेटा गांव में शराब दुकान रोड के पास सड़क किनारे कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना आग की तरह फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद से गांव में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही मोहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ कर लापता व्यक्तियों से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार गांव का ही एक व्यक्ति कई महीनों से लापता है। कंकाल मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह शव उसी लापता ग्रामीण का हो सकता है। इस खबर से परिजन गहरे सदमे में हैं, वहीं पूरे गांव में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि शव की पहचान और मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही संभव होगा। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Loading...

