खैरागढ़ : अवंती विद्या मंदिर बाजार अतरिया में शैक्षणिक सत्र 2025–26 का वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम न होकर विद्यालय की सतत प्रगति, अनुशासन और विद्यार्थियों की बहुआयामी प्रतिभा का उत्सव बनकर सामने आया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अवंती ग्रामोदय समिति के सदस्य, अभिभावकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। मंचासीन अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। समारोह में पूर्व विधायक खैरागढ़ कोमल जंघेल, जनपद पंचायत खैरागढ़ अध्यक्ष राजेश्री त्रिपाठी, रोहित जंघेल, अशोक कुमार वर्मा, दीक्षा पूर्णाचंद गुप्ता, बिमला हरप्रसाद वर्मा, सीमा गुनेश वर्मा, चितरेखा गोलू पाल, पुष्पा मनोहर साहू, रेखा जीवन साहू, केशव चंदेल, देव कुमार सेन, प्रेमसागर गुप्ता, मोतीलाल चंदेल, हरप्रसाद वर्मा, संतराम वर्मा सहित अवंती ग्रामोदय समिति के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने कहा अवंती विद्या मंदिर ने सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर अपने शैक्षणिक स्तर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है। यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का सशक्त उदाहरण बन चुका है। उनके वक्तव्य ने न केवल शाला परिवार को प्रेरित किया, बल्कि अभिभावकों में भी गर्व की अनुभूति कराई। वार्षिकोत्सव की प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। नृत्य, गीत, नाट्य एवं सामूहिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और संस्कारों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। दर्शकों की तालियों और उत्साह ने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ा दिया। समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यालय द्वारा शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान समाज की मजबूत नींव तैयार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानपाठक उत्तम कुमार वर्मा एवं प्राचार्य झरेन्द्र ए. वर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, ग्रामवासियों तथा शाला परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा जताई।
अवंती विद्या मंदिर का यह वार्षिकोत्सव समारोह सभी उपस्थितजनों के लिए स्मरणीय रहा और यह संदेश देकर गया कि समर्पण, परिश्रम और सामूहिक प्रयास से कोई भी संस्था नई ऊँचाइयों को छू सकती है।




