राजनांदगांव । छत्तीसगढ़ प्रांत के सक्षम संगठन समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मण्डल ने Altius के सहयोग से अस्थि बाधित दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। 11 जनवरी, रविवार को रायपुर स्थित श्री राम मंदिर प्रांगण के वाल्मीकि हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रांत के लगभग 58 लाभार्थियों को निशुल्क ई-साइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भुवनेश यादव, सचिव समाज कल्याण विभाग एवं आयुक्त दिव्यांगजन, विशेष अतिथि देवव्रत सिरमौर, पुलिस अधीक्षक गरियाबंद तथा उज्जवल पौरवाल, अपर कलेक्टर मार्कफेड सीजी एमएससी उपस्थित थे। भुवनेश यादव ने कहा कि ई-साइकिल दिव्यांगजनों को आने-जाने में सुगमता प्रदान करेगी और उन्हें देश की उन्नति में सक्षम लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर योगदान देने का अवसर मिलेगा। इस मौके पर राजनांदगांव जिले से चार दिव्यांगजन—ऋषि मिश्रा (डोंगरगढ़), धीरेंद्र सिन्हा (भण्डारपुर), रामदास त्रिपाठी (राजनांदगांव) और सुश्री ममता चंद्रवंशी (कोठीटोला)—को निशुल्क ई-साइकिल प्रदान की गई। ऋषि मिश्रा, जो स्वयं अस्थि बाधित हैं, दिव्यांगजनों की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाते हैं और सक्षम जिला राजनांदगांव के सक्रिय सदस्य हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्षम प्रांत अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र शुक्ला, सचिव अनूप पांडे, कोषाध्यक्ष जैनेंद्र जैन, राजनांदगांव संयोजक हेमंत तिवारी, कोषाध्यक्ष प्रकाश सांखला, संरक्षक राजकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्रदीप शर्मा, महेश शर्मा और अरुण भास्कर के अथक प्रयासों को सराहा गया। सक्षम संगठन की इस पहल से दिव्यांगजन न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि समाज में अपनी सक्रिय भागीदारी के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने में भी समर्थ होंगे।
Loading...

