ट्रॉली पलटने से हुई मौत, घटना छुपाने की नीयत से शव दफनाने का खुलासा
राजनांदगांव। जिले के छुरिया थाना अंतर्गत पुलिस चौकी जोब क्षेत्र में गुमशुदा नाबालिग बालक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से मुरूम भरने के दौरान ट्रॉली पलटने से बालक की दबकर मौत हो गई थी, जिसे छुपाने की नीयत से ट्रैक्टर चालक ने शव को अपने घर की बाड़ी में दफना दिया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 जनवरी 2026 को बीजेपार निवासी भुवन लाल अरकरा (45) ने पुलिस चौकी जोब में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका नाबालिग पुत्र 07 जनवरी को दोपहर लगभग 3 बजे गांव के ट्रैक्टर चालक भानदास पाल के साथ मुरूम भरने गया था, जो देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस को सूचना दी गई। रिपोर्ट पर पुलिस चौकी जोब में गुम इंसान क्रमांक 03/2026 एवं अपराध क्रमांक 07/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ आशिष कुंजाम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच की। जांच के दौरान गवाहों व तथ्यों के आधार पर खुलासा हुआ कि मुरूम भरते समय ट्रॉली पलटने से बालक ट्रॉली व मुरूम के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को छुपाने के उद्देश्य से आरोपी ट्रैक्टर चालक ने शव को अपने घर की बाड़ी में दफना दिया। आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट छुरिया की उपस्थिति में शव का उत्खनन किया गया। शव की पहचान के बाद बरामदगी पंचनामा तैयार किया गया। मर्ग कायम कर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक रमेश कुमार पटेल, उपनिरीक्षक ओमसिंह साहू, प्रधान आरक्षक संतोष नायक सहित पुलिस चौकी जोब एवं थाना छुरिया के पुलिस स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

