डोंगरगढ़। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार 1 फरवरी को लोकसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मोदी सरकार का आम बजट प्रस्तुत किया। बजट पर छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बजट सर्व वर्ग के लिए किए गए प्रावधानों के साथ पूर्ण आत्मविश्वास से प्रस्तुत एक संतुलित और समावेशी बजट है। इसका उद्देश्य “आत्मनिर्भर विकसित भारत” की परिकल्पना को साकार करने के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करना है, जिसका रास्ता देशवासियों के कल्याण से होकर गुजरता है। श्री साहू ने कहा कि बजट में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की योजनाएं सराहनीय हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी।उन्होंने बताया कि युवाओं के लिए रोजगार सृजन पर बजट में विशेष जोर दिया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय आर्थिक विकास को गति मिलेगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र में बजट के प्रावधानों की प्रशंसा करते हुए श्री साहू ने कहा कि जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मेडिकल टूरिज्म के लिए राज्यों में पांच रीजनल हब स्थापित किए जाने से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर होगा। महिला सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी योजना के विस्तार को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थानीय बाजार से जोड़ने की व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही, हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से उच्च शिक्षा में उन्हें बड़ा सहारा मिलेगा। उन्होंने कहा कि बजट में आयकर प्रक्रिया को सरल बनाकर छोटे करदाताओं के लिए व्यवस्था आसान की गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होने से आम जनता को सीधी राहत मिलेगी। अंत में श्री साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रतिवर्ष बेहतर बजट प्रस्तुत करने की परंपरा इस वर्ष भी कायम रही है। विपक्ष भले ही आलोचना करे, लेकिन आम जनता इस बजट का स्वागत करेगी क्योंकि उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों को परिवार मानकर जिम्मेदार अभिभावक की तरह उनका ध्यान रखते हैं। “सर्वजन हिताय–सर्वजन सुखाय” की भावना से प्रस्तुत इस बेहतरीन बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को उन्होंने साधुवाद दिया।
Loading...




