खैरागढ़। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन कार्यक्रम शुक्रवार को राजकुमारी इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के कैंपस-2 ऑडिटोरियम में गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ. समापन कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं वन मंडलाधिकारी खैरागढ़ की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार वितरित किए गए. जिला पुलिस केसीजी द्वारा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार यह अभियान 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में चलाया गया। अभियान के दौरान शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों के अंतर्गत मोटरसाइकिल रैली, ई-रिक्शा चालकों को यूनिक कोड वितरण, निःशुल्क हेलमेट वितरण, ड्राइविंग लाइसेंस शिविर, प्रदूषण जांच, निबंध, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, जागरूकता रथ भ्रमण, गुड सेमेरिटन व सड़क सुरक्षा मितान को किट वितरण जैसे अनेक नवाचार किए गए. इसके साथ ही एनसीसी, स्काउट-गाइड, विद्यार्थियों के सहयोग से वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया में सीट बेल्ट लगाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वैध दस्तावेज रखने तथा मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन न करने के लिए समझाइश दी गई. समापन अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, ड्राइवर संघ, झांकी दल, पत्रकार बंधु, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं की सहभागिता उल्लेखनीय रही.
Loading...

