डोंगरगढ़। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने मनगटा क्षेत्र में स्थित रिसॉर्ट्स पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की. अचानक हुई इस सघन दबिश से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के पर्यवेक्षण में की गई. अभियान के तहत 40 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की कई टीमों ने एक साथ करीब 49 रिसॉर्ट्स पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट एवं विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट में अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि हुई. मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी गई, वहीं संबंधित रिसॉर्ट संचालकों और प्रबंधकों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 36(सी) के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई. इसके अलावा ग्राम मनगटा में वन चेतना केंद्र के सामने सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में पाए गए एक व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के अंतर्गत कार्रवाई की गई. अभियान के दौरान सभी रिसॉर्ट संचालकों को नोटिस तामील कर भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी गई. पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. जिला पुलिस की इस संगठित और निर्णायक कार्रवाई से यह साफ संदेश गया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा. आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
Loading...




