खैरागढ़ – जिला पंचायत खैरागढ़ के मैकाल सदन में आज वीबी-जीरामजी योजना (विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण अधिनियम, 2025) को लेकर जिला स्तरीय मीडिया संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मीडिया कर्मियों को ऑडियो, वीडियो और प्रेजेंटेशन के माध्यम से योजना की विस्तृत जानकारी साझा की गई। मीडिया कर्मियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार विस्तृत उत्तर दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार छह सप्ताह की कार्ययोजना के तहत यह पहला चरण था। आगामी चरणों में ग्रामीणों के सामूहिक संकल्प, ग्राम सभा/चौपाल में चर्चा, स्कूलों में भाषण और पेंटिंग प्रतियोगिता, प्रदर्शनी के आयोजन के साथ-साथ जिला व जनपद स्तरीय जनप्रतिनिधियों के संवाद एवं सौ दिवस रोजगार पूर्ण करने वाले श्रमिकों का सम्मान शामिल होगा। वीबी-जीरामजी योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सुनिश्चित करना, सुदृढ़ अवसंरचना का निर्माण, पारदर्शी मजदूरी भुगतान प्रणाली लागू करना और पंचायत आधारित योजना निर्माण एवं कार्यान्वयन को मजबूत करना है। मीडिया संवाद कार्यक्रम के माध्यम से योजना के वैधानिक लाभों, प्रासंगिकता और क्रियान्वयन की जानकारी जनसंपर्क, IEC सामग्री, ऑडियो, वीडियो और प्रेजेंटेशन के जरिए मीडियाकर्मियों तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री इंद्रजीत एस. चंद्रवाल के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ प्रेम कुमार पटेल, जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर, अनुराग तुरे, खिलेंद्र नामदेव, राजेंद्र चंदेल, प्रवीण नामदेव, नितिन भंडेकर, उमेश्वर वर्मा, निलेश यादव, खिलेश वर्मा सहित जिला पंचायत और जनपद पंचायत के अधिकारी और जनसंपर्क विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
Loading...




